![]()
पलिया नगर के रामलीला मैदान में अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में आयोजित बाल विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि तहसीलदार ज्योति वर्मा ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ नारियल फोड़कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन भी किया गया। जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री अमित महाजन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुख्य अतिथि तहसीलदार ज्योति वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पलिया नगर हिमालय की तलहटी और तराई के प्राकृतिक सौंदर्य से घिरा क्षेत्र है, जिसमें विकास और पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार की प्रदर्शनी के आयोजन को एक सराहनीय पहल बताया। जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री अमित महाजन ने कहा कि गर्मी की छुट्टियों में बच्चों के लिए आयोजित यह बाल विकास प्रदर्शनी वर्षों से नगरवासियों के आकर्षण का केंद्र रही है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में इसका आयोजन करना गौरव की बात बताया। भाजपा नगर अध्यक्ष उदयवीर सिंह ने प्रदर्शनी का उद्देश्य बच्चों और अभिभावकों को स्वस्थ मनोरंजन और मानसिक आनंद उपलब्ध कराना बताया। वहीं, समाजसेवी आलोक मिश्रा ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाने की जानकारी दी। प्रदर्शनी के व्यवस्थापक कृष्ण कुमार दिवाकर उर्फ गोपी भइया ने बताया कि इस वर्ष भी बच्चों के मनोरंजन, खेल, व्यायाम, ज्ञानवर्धक गतिविधियों और शाकाहारी खानपान की विशेष व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि श्याम आनंद, भाजपा महामंत्री विजय गुप्ता, दीपक तलवार, तेजपाल चौधरी बिल्लू और रमेश चंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
Source link
पलिया में अटल बाल विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ:तहसीलदार ज्योति वर्मा ने किया उद्घाटन, बच्चों के लिए विशेष आयोजन