![]()
बिजनौर में परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने शनिवार देर शाम किरतपुर स्थित भनेड़ा टोल प्लाजा पर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 13 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। आयुक्त ने परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर वाहनों की सघन जांच की। अभियान के दौरान चार वाहन चालक शराब के नशे में गाड़ी चलाते हुए पकड़े गए, जिन पर ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ के तहत चालान किए गए। इसके अलावा, तेज आवाज और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले दो वाहनों के मॉडिफाइड साइलेंसर पर भी कार्रवाई हुई। सात दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ बिना हेलमेट गाड़ी चलाने पर चालान काटे गए। परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने बताया कि यह संयुक्त चेकिंग परिवहन विभाग और स्थानीय पुलिस द्वारा की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे शासन के प्रतिनिधि के रूप में योग दिवस के नोडल अधिकारी के तौर पर बिजनौर आए थे और इसी दौरान उन्होंने प्रवर्तन कार्रवाई का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस और परिवहन विभाग के बीच बेहतर समन्वय की सराहना भी की। आयुक्त ने मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और घायलों की संख्या को कम करना महत्वपूर्ण है। इसके लिए लोगों में जागरूकता फैलाना और उन्हें यातायात नियमों की जानकारी देना आवश्यक है। उन्होंने नियमित प्रवर्तन कार्रवाई जारी रखने पर भी जोर दिया। आयुक्त ने वाहन चालकों से अपील की कि वे शराब पीकर गाड़ी न चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध संशोधन न कराएं। इस अभियान के दौरान आरटीओ मुरादाबाद राजीव कुमार, एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह, सीओ नजीबाबाद आकांक्षा गौतम, एआरटीओ प्रवर्तन मुरादाबाद संदीप कुमार पंकज और एआरटीओ प्रवर्तन बिजनौर महेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
परिवहन आयुक्त ने बिजनौर में की वाहनों की चेकिंग:भनेड़ा टोल प्लाजा पर 13 लोगों को पकड़ा, नियम तोड़ने पर किया चालान