![]()
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने व उनके 75वें जन्मदिन के अवसर पर भाजपा सेवा संकल्प अभियान चला रही है। आज 17 सितंबर गुरुवार से अभियान का आगाज हो रहा है। इसके चलते देशभर में आयोजन हो रहे हैं।
मेरठ में दीपक जलाने का आयोजन किया जाएगा। मेरठ के सूरजकुंड पार्क में भाजपाइयों द्वारा वृहद स्तर पर दीप जलाए जाएंगे। ये मुख्य आयोजन होगा। जबकि बूथ, शक्ति केंद्रों से लेकर भाजपा नेता अपने घरों पर दीपक जलाएंगे। इसके साथ ही केंद्र में पीएम मोदी और यूपी में सीएम योगी की भाजपा सरकार में संचालित तमाम योजनाओं के लाभार्थी भी दीप जलाएंगे।
भाजपा कार्यकर्ता लाभार्थियों के घरों पर जाकर उनकी देहरी पर भी दीप जलवाएंगे। मेरठ में जलेंगे ढाई लाख दीपक
मेरठ जिले में 1हजार बूथ हैं। एक बूथ में 250 घर आते हैं। इस प्रकार मेरठ में लगभग ढाई लाख दीपक आज सामूहिक रुप से जलाए जाएंगे। ये अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। जिसमें बीच-बीच में विभिन्न आयोजन होंगे। सेवा दिवस में ये आयोजन भी होंगे
केंद्र एवं राज्य की योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों का त्रिस्तरीय डेटा बैंक तैयार होगा। कुल 4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य है। 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। शाम सात बजे घरों और प्रतिष्ठानों पर दीप प्रज्वलन कर सेवा एवं विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने का आह्वान किया जाएगा।
‘मेरे सपनों का भारत: चित्र सेवा’ के तहत 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक विद्यालयों में कक्षा पांच से आठ के लिए चित्रकला तथा कक्षा 9 से 12 के लिए चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। सात अक्टूबर को राज्य स्तरीय प्रदर्शनी होगी। ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत प्रत्येक जनपद में 18 से 20 कलाकारों की सांस्कृतिक टोलियां गठित होंगी। प्रत्येक विधानसभा में सात कार्यक्रम होंगे। ‘सेवा की कहानी’ डिजिटल एवं रील अभियान में 25 लाख लाभार्थियों के जीवन में आए बदलाव पर 60 सेकंड की रील्स तैयार होंगी। 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ में प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद होगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा दीदियों और उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सम्मान किया जाएगा। सात अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ आयोजित होगी। प्रमुख चौराहों पर सेवा कलश स्थापित किए जाएंगे।
Source link
पीएम मोदी के जन्मदिन पर मेरठ में जलेंगे दीये:सूरजकुंड में होगा मुख्य आयोजन, बूथ से लाभार्थियों की देहरी पर दीपक जलाएंगे कार्यकर्ता