पटवाई मार्ग पर दो करोड़ का पुल अधूरा:काम बंद होने से बरसात में 30 गांवों का संपर्क टूटने का खतरा


पटवाई में दो करोड़ रुपये की लागत से बन रहा पुल अधूरा है। कार्य बंद होने से क्षेत्र के लगभग तीस गांवों के लोगों में चिंता है। बरसात के मौसम में इन गांवों का आवागमन बाधित होने की गंभीर आशंका है। कुछ माह पूर्व नगर विधायक आकाश सक्सेना ने इस पुल का शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू कराया था। हालांकि, अभी तक पुल का निर्माण पूरा नहीं हो सका है और वर्तमान में कार्य बंद पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार, यह पुल सोना, ठिरिया, गोसमपुर, घोसीपुरा नानकार, बेहपुरा, रतनपुरा, लदोरी मढ़िया कली, मढ़िया पीपला, सैदनगर, जालपुर, जोलपुर, मिलक, सिकरौल, कुआं वाली मिलक, हसनपुर, महमूदपुर, बीसरा और मिलक निब्बी सिंह सहित करीब तीस गांवों के लिए महत्वपूर्ण था। इसके अधूरे रहने से बरसात में पटवाई कस्बे तक पहुंचने का मार्ग बाधित होने की संभावना है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली छात्र-छात्राओं, किसानों और मरीजों को होगी। अधिकांश छात्र पटवाई के स्कूलों और कॉलेजों में शिक्षा प्राप्त करने जाते हैं, जबकि ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए भी पटवाई पर निर्भर हैं। रास्ता बंद होने पर उन्हें लंबा चक्कर लगाना पड़ सकता है या आवश्यक सेवाओं से वंचित रहना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि हजारों लोगों की सुविधा के लिए बरसात से पहले पुल का निर्माण पूरा होना आवश्यक है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कृष्णवीर सिंह ने बताया कि पुल निर्माण कार्य जल्द दोबारा शुरू कराया जाएगा। वहीं, नगर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि कार्य बंद होने के कारणों की जानकारी ली जाएगी और बरसात से पहले पुल का निर्माण पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *