![]()
प्रयागराज के झूंसी में उस समय सनसनी फैल गई जब एक महिला पांच दिन पहले जन्मे बेटे का शव लेकर थाने पहुंच गई। आरोप लगाया कि लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद में कुछ लोगों ने उससे मारपीट की और इसके चलते गर्भ में ही बच्चे को गंभीर चोट पहुंची। इससे पैदा होने के पांच दिन बाद उसकी मौत हो गई। उधर यह भी बात सामने आई है कि महिला व उसके पति का 21 लाख रुपये बकाये को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। पुलिस ने बच्चे का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आठ मई की रात हुई थी मारपीट
ज्योति सिंह सरायतकी झूंसी की रहने वाली है। रविवार रात वह पांच दिन के बेटे का शव लेकर झूंसी थाने पहुंची। बताया कि आठ मई की रात 11 बजे सरायइनायत व झूंसी के रहने वाले चार लोग उसके घर में घुस आए। तोड़फोड़ की और गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। रोकने पर मारपीट करते हुए उससे धक्कामुक्की की। इस दौरान वह छह माह की गर्भवती थी और धक्का लगने से उसे पेट में गंभीर चोट पहुंची और उसे दर्द होने लगा। डॉक्टर को दिखाया तो इलाज चला लेकिन समय पूरा होने से पहले ही ऑपरेशन कर बच्चे को निकालना पड़ा। पांच दिन बाद ही रविवार को उसकी मौत हो गई। आरोप लगाया कि घटना के बाद ही लिखित शिकायत देने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।
इस पर वह रविवार रात बेटे का शव लेकर थाने पहुंची और कार्रवाई की मांग की। 10 आभूषण कारोबारियों ने दी है शिकायत
उधर झूंसी पुलिस ने बताया कि महिला के पति के खिलाफ 10 आभूषण कारोबारी पूर्व में शिकायत दे चुके हैं कि उसने धोखाधड़ी कर उनसे कुल 21 लाख रुपये ले लिए। इस पर जब आरोपी को थाने बुलाया गया तो वह टालमटोल करता रहा। रविवार को उसकी पत्नी पहुंची और आरोप लगाया कि मारपीट में चोटिल होने से उसके बच्चे की मौत हुई। थानाध्यक्ष बोले- पोस्टमार्टम के बाद होगी आगे की कार्रवाई
झूंसी थानाध्यक्ष महेश मिश्रा ने बताया, महिला का ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि महिला को कुछ कॉम्प्लिकेशन थे और इस वजह से समय से पहले सीजेरियन डिलीवरी करानी पड़ी। एसओ ने बताया, फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
नवजात का शव लेकर थाने पहुंची महिला:प्रयागराज में मारपीट से बच्चे की मौत का आरोप, पीएम के लिए भेजा गया शव