![]()
इटावा के जसवंतनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे मौदहा (हमीरपुर) से दिल्ली जा रही एक निजी स्लीपर बस धौलपुर खेड़ा ओवरब्रिज पर अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीब 55 यात्री सवार होकर दिल्ली जा रहे थे। धौलपुर खेड़ा ओवरब्रिज पर पहुंचते ही चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया। इस हादसे में लगभग 20 यात्री घायल हो गए। इनमें से चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई पीजीआई रेफर किया गया है। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हादसे की 2 तस्वीरें… स्लीपर बस में 55 यात्री सवार थे पुलिस के अनुसार बस संख्या यूपी-75 सीटी-6005 में मौदहा से करीब 55 यात्री सवार होकर दिल्ली जा रहे थे। धौलपुर खेड़ा ओवरब्रिज पर पहुंचते ही चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया। बस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। 4 यात्री सैफई पीजीआई रेफर सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी अपनी पुलिस टीम और एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें जसवंतनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। सीएचसी में केंद्र अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। रविंद्र (40) पुत्र शिवराम, अमन पुत्र रामकिशोर, रामवती पत्नी रामप्रकाश और लवकुश पुत्र रामबाबू सहित चार गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए सैफई पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस ने हाइड्रा मशीन से हटवाया जाम दुर्घटना के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने हाइड्रा मशीन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अन्य घायलों में भारत सिंह (45) पुत्र लालमन, राममहेश (35) पुत्र बिंदा, गौरव पुत्र राजेंद्र, अनिल पुत्र उदयभान, सरिता पत्नी अमित, रोहित पुत्र लाखन, शिवकुमार पुत्र बिशंभर, रामकिशोर पुत्र शिवकरण, रोशनी पत्नी रामकिशोर, मुन्नीलाल पुत्र कंधी, क्रेशर पत्नी मुन्नीलाल, रेनू व रीता पुत्री मुन्नीलाल, अमरपाल पुत्र शिवनारायण, दिव्यांशी पुत्री प्रमोद और रामप्रकाश पुत्र गयादीन शामिल हैं।
Source link
इटावा में स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलटी, 20 यात्री घायल:चालक को झपकी आने से हुआ हादसा, चार सैफई PGI रेफर