![]()
बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में नई मंडी के पास बुधवार देर रात हंगामा हो गया। यहां मामूली कहासुनी के बाद दो पक्ष आपस में भिड़ गए। मंडी परिसर से शुरू हुआ विवाद सड़क पर आ गया और दोनों तरफ से जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक झड़प से काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लोगों ने बताया कि यह घटना बुधवार देर रात करीब 10 बजे हुई। नई मंडी परिसर में किसी बात पर दो समूहों में कहासुनी हुई थी। झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष लाठी-डंडों और लात-घूंसों से एक-दूसरे पर हमला करने लगे। सड़क के बीचों-बीच हुई इस मारपीट को देखकर राहगीर डर गए। वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन से इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सड़क पर हंगामे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी कोशिश के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया और भीड़ को हटाया। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। हालांकि, झगड़े की सही वजह अभी पता नहीं चल पाई है। पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया मामले को गंभीर मानते हुए एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने कहा कि पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले की गहराई से जांच हो रही है और शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link
नई मंडी में कहासुनी के बाद दो पक्ष भिड़े, VIDEO:बुलंदशहर में सड़क पर लाठी-डंडों से मारपीट, मामूली बात पर विवाद