‘संभल में अब मस्जिद नहीं, मंदिर बनेंगे':भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश बोले- हरिहर मंदिर पर जाएंगे तो गोली नहीं, पुष्प वर्षा होगी’


संभल में रामलीला के मंच से भाजपा के पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश सिंघल का विवादित बयान सामने आया है। बुधवार रात करीब 12:30 बजे संभल तहसील के हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के रहटौल गांव में रामलीला कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सिंघल ने कहा- “अब संभल के अंदर योगी सरकार, राम भक्तों, दलितों और किसानों की सरकार है। अब संभल की धरती पर मस्जिद नहीं, मंदिर बनेंगे, मंदिर बनेंगे, मंदिर बनेंगे।” संभल विधानसभा से भाजपा के टिकट पर तीन बार चुनाव लड़ चुके राजेश सिंघल ने कहा कि संभल में 24 कोसीय परिक्रमा, 68 तीर्थ और 19 कूप बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा, “संभल के अंदर भगवान श्री हरिहर का हरिहर मंदिर बनेगा, हरिहर मंदिर बनेगा।” सिंघल ने अपने संबोधन में अयोध्या का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बना, उसी तरह अब संभल में भी मंदिर बनेगा। उन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए हुए आंदोलनों और बलिदानों का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या के मंदिर के निर्माण में 550 साल लग गए। ‘हरिहर मंदिर पर चढ़ाई करने जाओगे तो गोली नहीं चलेगी’ राजेश सिंघल ने कहा कि जब लोग संभल में हरिहर मंदिर पर जाएंगे तो उन पर गोली नहीं चलेगी। उन्होंने कहा, “जब आप हरिहर मंदिर पर जाओगे, उस मस्जिद को गिराने के लिए तो आपके ऊपर गोली नहीं चलेगी, योगी सरकार आपके ऊपर पुष्प वर्षा करेगी।” अपने भाषण में उन्होंने सपा के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में रामभक्तों पर गोली चलवाई गई और हजारों रामभक्त मारे गए। कांवड़ यात्रा को लेकर सपा सरकार पर लगाए आरोप सिंघल ने अपने भाषण में कांवड़ यात्रा का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की सरकारों में कांवड़ियों पर रोक लगाई गई और लाठीचार्ज कराया गया। उन्होंने कहा कि उस समय डीजे नहीं बजाने और कांवड़ यात्रा रोकने की बातें होती थीं। इसके बाद उन्होंने योगी सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि अब हरिद्वार से आने वाले कांवड़ियों पर लाठीचार्ज नहीं होता, बल्कि जगह-जगह पुष्प वर्षा की जाती है, भंडारे लगाए जाते हैं और प्रसाद बांटा जाता है। तीन बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं राजेश सिंघल राजेश सिंघल संभल विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर 2007, 2012 और 2022 में चुनाव लड़ चुके हैं। तीनों चुनाव में उन्हें समाजवादी पार्टी के विधायक इकबाल महमूद से हार का सामना करना पड़ा। सिंघल भाजपा में दो बार जिलाध्यक्ष और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। हालांकि, भाजपा की हाल में घोषित नई टीम में उन्हें जगह नहीं मिली है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *