![]()
दो दिवसीय दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रवास के दूसरे दिन जनता दर्शन में 200 लोगों की समस्या सुनी। जमीन कब्जा करने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जमीन को कब्जामुक्त कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दबंगों को कानूनी सबक सिखाएं। गुरुवार सुबह बारिश होने के बावजूद ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। दूरदराज से आए लोगों से मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। समस्या लेकर आए लोगों को मुख्यमंत्री ने समस्या समाधान का भरोसा दिया। बारिश के चलते मुख्यमंत्री के निर्देश पर लोगों की सुविधा के लिए जनता दर्शन का आयोजन गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में किया गया। कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक पहुंचकर मुख्यमंत्री ने उनकी पीड़ा जानीं और आश्वस्त किया कि सभी की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने पास में मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पीड़ित व्यक्ति की समस्या पर संवेदनशीलता से ध्यान दें और तत्परता से उसका समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण कराएं। इस दौरान कुछ महिलाओं ने उनकी जमीन जबरन कब्जा कर लिए जाने की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि किसी दबंग ने किसी गरीब की जमीन हड़पी है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। जमीन अवैध या जबरन कब्जे से मुक्त होनी चाहिए। हर बार की तरह गुरुवार को भी जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। ऐसे मामलों में सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इलाज में अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द पूर्ण कराकर शासन में भेजें। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए पर्याप्त राशि दी जाएगी। जनता दर्शन से पहले हल्की बारिश के बीच मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण किया।
Source link
CM ने कहा दबंगों को कानूनी सबक सिखाएं:जनता दर्शन में 200 लागों की समस्या सुनी; बोले- जमीन कब्जामुक्त कराएं