धर्म-पहचान छिपाकर शादी का मामला उजागर:सुहागरात से पहले महिला समेत तीन पर मुकदमा, रामपुर पुलिस जांच में जुटी


रामपुर में धर्म और पहचान छिपाकर शादी करने का मामला सामने आया है। सुहागरात से पहले ही यह खुलासा होने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने महिला यासमीन और उसके दो सहयोगियों कल्लू तथा रामसिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है, जबकि उसके दोनों साथियों की तलाश जारी है। यह घटना नादरबाग निवासी सब्जी विक्रेता पुनीत के साथ हुई। पुनीत के पिता का निधन हो चुका है और वह अपनी बुजुर्ग मां, भाई तरुण और विवाहित बहन के साथ रहते हैं। पुनीत के मौसा विजय सिंह ने अपने परिचित कल्लू से पुनीत की शादी की बात की थी। कल्लू ने उन्हें रामसिंह से मिलवाया। आरोप है कि 11 जून को कल्लू और रामसिंह ने विजय सिंह को बरेली रोडवेज बस अड्डे पर आंवला क्षेत्र की एक युवती दिखाने के लिए बुलाया। इस दौरान उनसे एक लाख रुपये भी लिए गए। युवती पसंद आने के बाद उसे रामपुर लाया गया और रामसिंह भी महिला के साथ आया। उसी शाम हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न हुआ। अगले दिन गृह प्रवेश और अन्य रस्में पूरी की गईं। 13 जून को सुहागरात होनी थी, लेकिन उससे पहले शनिवार दोपहर करीब 3:45 बजे पुनीत अपना सब्जी का ठेला ठीक कराने बाजार गया। इसी दौरान महिला घर में रखे जेवरात और नकदी लेकर जाने की तैयारी में थी। मामला बिगड़ने पर महिला ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस बुला ली। पुलिस जांच में महिला के पास से मिले आधार कार्ड में उसका नाम रिया दर्ज था। हालांकि, पूछताछ में उसने अपना वास्तविक नाम यासमीन बताया। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले से विवाहित है और चार बच्चों की मां है। ठगी और धर्म छिपाकर शादी करने के आरोपों पर उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह ठगी का मामला प्रतीत होता है। महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। महिला के दोनों साथियों की तलाश जारी है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। पुनीत और उसके मौसा पुलिस अधिकारियों से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *