![]()
अमेठी में सड़क हादसों और तेज रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने अत्याधुनिक इंटरसेप्टर बाइक का संचालन शुरू कर दिया है। स्पीड लेजर गन और हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे से लैस इन बाइकों से अब यातायात नियम तोड़ने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। अमेठी जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बरतने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने यातायात पुलिस को दो अत्याधुनिक इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलें सौंपी हैं। इन बाइकों में स्पीड लेजर गन, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा और अन्य आधुनिक उपकरण लगे हैं। लेजर गन के जरिए वाहनों की गति का सटीक मापन किया जाएगा। निर्धारित गति सीमा से तेज चलने वाले वाहनों की पहचान कर मौके पर ही ई-चालान जारी किया जाएगा। बाइक में लगे कैमरे वाहन की नंबर प्लेट को स्पष्ट रूप से कैप्चर करेंगे, जिससे ओवरस्पीडिंग करने वालों के खिलाफ त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित होगी। यातायात प्रभारी शोभनाथ राम ने बताया कि इंटरसेप्टर टीम रॉन्ग साइड चलने, बिना हेलमेट वाहन चलाने, मोबाइल पर बात करते हुए गाड़ी चलाने और चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट न लगाने जैसे उल्लंघनों पर भी तकनीकी निगरानी करेगी। नियम तोड़ने पर नियमानुसार ई-चालान और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह और यातायात प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा दें। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए यह तकनीकी अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Source link
अमेठी पुलिस ने शुरू की इंटरसेप्टर बाइक से निगरानी:तेज रफ्तार वाहनों पर लगेगी लगाम, मौके पर होगा ई-चालान