![]()
आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह बुधवार रात हरदोई पहुंचे। उन्होंने निरीक्षण भवन में नीट (NEET) और अन्य परीक्षाओं के पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। इस दौरान सांसद ने आप कार्यकर्ताओं से जिले में पार्टी की गतिविधियों समेत उनका हाल जाना। सांसद संजय सिंह ने ‘डबल इंजन’ सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में नौजवान छात्र आत्महत्या करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के धंधे में हजारों करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार हो रहा है, लेकिन इस पर चर्चा को गुनाह मान लिया गया है। सांसद ने दावा किया कि साल 2017 से अबतक यूपी और केंद्र सरकार के कार्यकाल में कई पेपर लीक हुए हैं। इससे साल भर कड़ी मेहनत करने वाले छात्रों के अरमानों पर पानी फिर जाता है। उन्होंने प्रयागराज की एक घटना का भी जिक्र किया, जहां छात्रों से संवाद करते समय पुलिस और एडीएम ने उन्हें रोक दिया था। संजय सिंह ने इसे “यूपी में लोकतंत्र की जगह तानाशाही” बताया और कहा कि वह संबंधित अधिकारियों को विशेषाधिकार हनन का नोटिस देंगे। सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि उनके कार्यक्रम में आ रहे दो युवकों, आशुतोष पांडे और पंकज पांडे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। उन्होंने दावा किया कि इन युवकों की 3 जून को टीजीटी (TGT) की परीक्षा थी, जिसके लिए वे 5 साल से इंतजार कर रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं से संवाद के ऐसे कार्यक्रम रुकेंगे नहीं। सांसद ने बताया कि वे लखीमपुर में नीट परीक्षा के बाद आत्महत्या करने वाले छात्र ऋतिक मिश्रा के पीड़ित परिवार से मिलकर आ रहे हैं। उन्होंने बीजेपी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ईडी-सीबीआई का डर दिखाकर पार्टियां तोड़ना उनका “खेल” बन चुका है। उन्होंने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और उत्तराखंड को इसके उदाहरण के तौर पर पेश किया। अंत में, उन्होंने कहा कि जनता ही इस “दुर्भाग्यपूर्ण राजनीति” का जवाब देगी। इसके बाद संजय सिंह ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष आशुतोष पाठक समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
देश में नौजवान छात्र आत्महत्या करने को मजबूर:सांसद संजय सिंह बोले- पेपर लीक के धंधे में हजारों करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार हो रहा