देवरिया में डीएम आवास के सामने चला बुलडोजर:सड़क किनारे से हटाए गए अस्थायी आशियाने और ठेले


देवरिया जिला मुख्यालय पर शनिवार को जिलाधिकारी (डीएम) आवास के सामने कोतवाली रोड पर नगर पालिका परिषद द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे वर्षों से बने अस्थायी आशियानों और ठेला-खोमचा लगाकर व्यवसाय करने वालों के ठिकानों पर बुलडोजर चला। नगर पालिका की टीम ने अभियान के तहत करीब दो दर्जन से अधिक अस्थायी ढांचों को हटाया, जिससे सड़क अतिक्रमण मुक्त हुई। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पर्याप्त पुलिस बल भी मौजूद रहा। बुलडोजर चलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोगों ने अपने सामान बचाने का प्रयास किया, जबकि कुछ परिवारों के सामने सिर छुपाने का संकट खड़ा हो गया। सड़क किनारे वर्षों से रह रहे लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के हटाया जा रहा है। वहीं, नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि सड़क और सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। कुछ निवासियों का आरोप था कि प्रशासन गरीब ठेला व्यापारियों और सड़क किनारे रहने वाले परिवारों पर तो सख्ती दिखा रहा है, लेकिन शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर बड़े कारोबारियों द्वारा किए गए अतिक्रमण पर चुप्पी साधे हुए है। लोगों ने विशेष रूप से गोरखपुर रोड सहित अन्य व्यस्त इलाकों में सड़क पर किए गए स्थायी कब्जों की ओर ध्यान दिलाते हुए समान कार्रवाई की मांग की। अभियान के दौरान मौके पर काफी देर तक लोगों और अधिकारियों के बीच बहस भी होती रही। इसके बावजूद प्रशासनिक टीम ने अपनी कार्रवाई जारी रखी और सड़क किनारे बने सभी अस्थायी अतिक्रमणों को हटवा दिया। नगर पालिका ने दोहराया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान चलाए जाएंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *