देवरिया में किशोरी की करंट लगने से मौत:तिलक समारोह से घर लौटते समय हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी


देवरिया जिले के सलेमपुर क्षेत्र के ग्राम माधवपुर में सोमवार रात करंट लगने से एक 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में दुख का माहौल है, जबकि गांव में शोक व्याप्त है। स्वर्गीय कृष्णामोहन पांडेय की पुत्री मोनी पांडेय (14) सोमवार रात करीब नौ बजे पड़ोस में आयोजित एक तिलक समारोह से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में वह किसी विद्युत स्रोत के संपर्क में आ गई और करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक डॉ. नरेन्द्र मोहन ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों की सूचना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है। बताया जाता है कि मोनी पांडेय अपने परिवार में दो बहनों और एक भाई में दूसरे स्थान पर थी। उसकी बड़ी बहन खुशी (17 वर्ष) तथा छोटा भाई हिमांशु (12 वर्ष) है। ग्रामीणों ने बताया कि मोनी स्वभाव से मिलनसार और पढ़ाई में रुचि रखने वाली छात्रा थी। उसकी अचानक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना के संबंध में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *