देवरिया में एंबुलेंस ने तीन पुलिसकर्मियों को टक्कर मारी:पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल, चालक पर मुकदमा दर्ज


देवरिया में शहर के सिविल लाइंस रोड स्थित शिव मंदिर तिराहे पर ड्यूटी के दौरान एक तेज रफ्तार एंबुलेंस की टक्कर से तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तीन दिन बाद दारोगा की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने रविवार को एंबुलेंस चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इस हादसे में पुलिस की चीता बाइक, वायरलेस सेट और एक ई-रिक्शा भी क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस के अनुसार, यह घटना 2 जुलाई की रात करीब 1:10 बजे हुई। कोतवाली क्षेत्र के शिव मंदिर तिराहे के पास चीता मोबाइल पर तैनात आरक्षी सुरेंद्र शर्मा और जितेंद्र यादव, तथा डायल-112 पीआरवी पर तैनात आरक्षी महेंद्र यादव अपनी ड्यूटी पर थे। इसी दौरान बिहार नंबर की एक एंबुलेंस का चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए आया। एंबुलेंस पहले एक ई-रिक्शा से टकराई और फिर सड़क किनारे खड़े पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस की चीता बाइक और वायरलेस सेट भी क्षतिग्रस्त हो गए। आसपास मौजूद लोगों और अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से घायलों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सभी को बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया गया। घटनास्थल पर एंबुलेंस चालक अभिषेक कुमार, पुत्र उमाशंकर कुशवाहा, निवासी मैदिनिया, थाना मैरवा, जिला सिवान (बिहार) मौजूद मिला। पुलिस ने एंबुलेंस को कब्जे में ले लिया और जांच शुरू कर दी। चौकी प्रभारी सेंटर सुशांत प्रताप सिंह की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने चालक अभिषेक कुमार के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर गंभीर चोट पहुंचाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल राकेश राय ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *