![]()
समाजवादी पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी के साथ हुई मारपीट और थप्पड़कांड के बाद पार्टी में सियासी हलचल तेज हो गई है। रविवार शाम करीब 6:30 बजे सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल गोरखपुर पहुंचे। रास्ते में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वह सीधे नौसढ़ स्थित पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी के आवास पहुंचे और उनका हालचाल जाना। मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष ने नगीना साहनी के साथ हुए व्यवहार की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, “नगीना साहनी के साथ जो कुछ हुआ, वह बहुत गलत है। इसी वजह से मैं आज गोरखपुर आया हूं। पूरी समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है।” गोरखपुर के साथ संतकबीरनगर की भी इकाई भंग गोरखपुर की जिला और महानगर इकाई समेत फ्रंटल संगठनों की कार्यकारिणी भंग किए जाने के सवाल पर श्याम लाल पाल ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर के साथ संतकबीरनगर की इकाई भी भंग की गई है। चुनाव नजदीक है और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव संगठन में जो कमियां दिखाई दे रही हैं, उन्हें दूर कर पार्टी को और मजबूत बनाने का काम कर रहे हैं। बृजेश गौतम ही संभालेंगे जिले की कमान इकाई भंग होने के बाद नई टीम बनने तक जिले की जिम्मेदारी कौन संभालेगा, इस सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि बृजेश कुमार गौतम कार्यवाहक जिलाध्यक्ष के रूप में काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि नई टीम का गठन होने तक वही जिले की कमान संभालेंगे। बोले-2027 में सपा जीतेगी चुनाव पार्टी में लगातार सामने आ रही गुटबाजी और तकरार के बीच 2027 का चुनाव कैसे जीतेंगे, इस सवाल पर श्याम लाल पाल ने कहा कि संगठन मजबूत है और सपा चुनाव जीतेगी। उन्होंने कहा, “जनता खुद इस मैदान में उतर चुकी है। हम लोग यह चुनाव जीतेंगे।” प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था पूरी तरह खराब हो चुकी है। किसान और नौजवान समेत सभी वर्ग सरकार से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने वालों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। कमलेश यादव के टिकट छोड़ने पर बोले-खुद लिया फैसला गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में कमलेश यादव का टिकट काटकर डॉ. संजयन त्रिपाठी को दिए जाने के सवाल पर श्याम लाल पाल ने कहा कि कमलेश यादव ने अपनी इच्छा से यह निर्णय लिया है। उन्होंने पार्टी हित में लिए गए इस फैसले का स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, कमलेश यादव ने खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से कहा था कि संजयन त्रिपाठी लगातार मेहनत कर रहे हैं। अगर उन्हें टिकट दिया जाता है तो पार्टी चुनाव जीत सकती है। दोषी को पार्टी से किया निष्कासित श्याम लाल पाल ने कहा कि नगीना साहनी के साथ हुई घटना में जो दोषी था, उसे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पहले ही पार्टी से निष्कासित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारी नगीना साहनी के साथ हैं और बहुत जल्द गोरखपुर में नई टीम का गठन कर दिया जाएगा। शनिवार को प्रेस क्लब में हुआ था थप्पड़कांड दरअसल, शनिवार 3 अक्टूबर को गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में सपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बैठने की व्यवस्था को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गया। इसी दौरान सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी को अंशुमान सिंह के बेटे कमलेश सिंह ने थप्पड़ मार दिया था। घटना के कुछ देर बाद ही अंशुमान सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। अंशुमान गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा सीट से टिकट के दावेदार बताए जा रहे थे। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और गरमा गया। वहीं, शनिवार रात नगीना साहनी ने कैंट थाने में अंशुमान सिंह, उनके दोनों बेटों कमलेश और विमलेश सिंह समेत 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पूरे संगठन को किया गया भंग घटना के बाद रविवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर गोरखपुर की जिला और महानगर इकाई के साथ फ्रंटल संगठनों की कार्यकारिणी भी भंग कर दी गई। जिला अध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को हटा दिया गया। अब नई टीम के गठन को लेकर पार्टी नेतृत्व की कवायद तेज हो गई है।
Source link
थप्पड़कांड: सपा प्रदेश अध्यक्ष गोरखपुर में नगीना साहनी से मिले:बोले- पूरी पार्टी उनके साथ खड़ी; 2027 में बनाएंगे सरकार