![]()
देवरिया डीएम मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार रात करीब आठ बजे गौरी बाजार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी और कई खामियां मिलने पर अधिकारियों को फटकार लगाई। डीएम आधे घंटा तक स्वास्थ्य केंद्र पर जमे रहे। जानकारी के अनुसार, डीएम की स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेने निकले थे। देवरिया से गोरखपुर जाते समय उनका काफिला अचानक रामपुर चौराहे से गौरी बाजार सीएचसी की ओर मुड़ गया। अस्पताल पहुंचते ही डीएम अपनी गाड़ी गेट पर रुकवाकर करीब 70 मीटर पैदल चलकर सीधे चिकित्सक कक्ष और कार्यालय पहुंचे। निरीक्षण के दौरान, ड्यूटी पर एक चिकित्सक, एक फार्मासिस्ट और दो नर्स मौजूद मिले। डीएम ने अस्पताल में साफ-सफाई, मरीजों के इलाज, दवा वितरण, प्रसव केंद्र और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। कई स्थानों पर अव्यवस्था पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने जोर देकर कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका का भी निरीक्षण किया और सभी चिकित्सकों तथा कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। डीएम ने प्रसव केंद्र का भी निरीक्षण किया और संस्थागत प्रसव बढ़ाने तथा प्रसूताओं को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह सुचारू रहनी चाहिए। जिलाधिकारी ने दवा की उपलब्धता, मरीजों की संख्या और उपचार व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि व्यवस्थाओं में जल्द सुधार लाया जाए, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link
देवरिया डीएम ने रात में सीएचसी का निरीक्षण किया:गौरी बाजार में अव्यवस्था मिलने पर अधिकारियों को लगाई फटकार