![]()
देवरिया जिले के नेतवार गांव निवासी एक युवक की गोरखपुर में करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना गुरुवार रात को हुई, जब युवक अपने घर में इन्वर्टर से प्रवाहित करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, नेतवार निवासी हरिशंकर पाण्डेय भारतीय वायुसेना (एयरफोर्स) में कार्यरत हैं और परिवार के साथ गोरखपुर के बिलंदपुर मोहल्ले में रहते हैं। उनके छोटे पुत्र दीपू रात में घर में लगे इन्वर्टर से निकले करंट की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन तुरंत दीपू को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दीपू की असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है। मृतक अपने पीछे पत्नी नेहा, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को पैतृक गांव नेतवार लाया जाएगा। इसके बाद बरहज स्थित मुक्ति पथ पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। हादसे की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और सभी ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
Source link
देवरिया के युवक की गोरखपुर में मौत:इन्वर्टर में करंट आने से गई जान, पिता एयरफोर्स में हैं तैनात