मेडिकल स्टोर पर इंजेक्शन लगने के बाद अधेड़ की मौत:परिजनों ने लगाया गलत इंजेक्शन का आरोप, पुलिस कर रही जांच


उन्नाव के अजगैन थाना क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर पर इंजेक्शन लगने के कुछ देर बाद एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। परिजनों ने मेडिकल स्टोर संचालक पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच कर रही है। सरेसा गांव के रहने वाले कृष्णपाल सिंह उर्फ गोपाल सिंह (52) को रविवार सुबह करीब 10 बजे बुखार महसूस हुआ। परिजन उन्हें मर्दनखेड़ा के नंदा मेडिकल स्टोर पर ले गए। परिजनों के मुताबिक, मेडिकल स्टोर पर मौजूद एक शख्स ने कृष्णपाल को इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के करीब पांच मिनट बाद ही कृष्णपाल की तबीयत बिगड़ने लगी और वह बेहोश होकर गिर पड़े। कृष्णपाल की गंभीर हालत देखकर परिजन उन्हें तुरंत नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। कृष्णपाल की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया।
मृतक के भाई ने आरोप लगाया है कि नंदा मेडिकल स्टोर पर मौजूद व्यक्ति ने ही कृष्णपाल को इंजेक्शन दिया था। उनका कहना है कि इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद उनकी हालत खराब हुई और अस्पताल पहुंचने पर उनकी मौत हो गई। हालांकि, यह साफ नहीं हो पाया है कि इंजेक्शन किस बीमारी के लिए लगाया गया था और उसमें कौन सी दवा थी। घटना की जानकारी मिलने पर अजगैन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल, मामले की जांच चल रही है और मेडिकल स्टोर पर मौजूद व्यक्ति के साथ-साथ परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *