दुष्कर्म का आरोपी देवरिया से गिरफ्तार:मुंबई पुलिस ने शादी का झांसा देकर भगाने वाले युवक को पकड़ा


देवरिया में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में फरार आरोपी को मुंबई पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को महुआडीह थाना क्षेत्र से पकड़ा गया और मुंबई ले जाया गया। यह मामला मुंबई के धारावी थाना क्षेत्र का है। एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर भगाया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि देवरिया के महुआडीह क्षेत्र का एक युवक मुंबई में काम करता था, जिसने किशोरी को प्रेमजाल में फंसाया। शिकायत के अनुसार, आरोपी 18 अप्रैल को किशोरी को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा ले गया था। पीड़िता के पिता की तहरीर पर 21 अप्रैल को पुलिस ने महुआडीह थाना क्षेत्र के तवक्करपुर (इमामबाड़ा टोला) निवासी अमन अली पुत्र जाबिर अली मंसूरी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया। पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गई पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश दी, लेकिन वह फरार हो गया था। 23 अप्रैल को पुलिस ने किशोरी को बरामद कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया। मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद मामले में पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। आरोपी की तलाश में मुंबई पुलिस शनिवार को देवरिया पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ उसके घर पर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने नोटिस तामील कर लौटने की तैयारी की। इसी दौरान देर रात आरोपी की लोकेशन मिलने पर पुलिस टीम ने देवरिया में निगरानी शुरू कर दी। सोमवार को आरोपी के घर पर दोबारा दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद मुंबई पुलिस आरोपी को अपने साथ मुंबई ले गई है। इस संबंध में अमित कुमार राय ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेने के बाद मुंबई पुलिस अपने साथ ले गई है और मामले में आगे की कार्रवाई मुंबई में की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *