तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई, दो दोस्तों की मौत:पनकी सरायमीता के पास हुआ हादसा; एक की मौके पर, दूसरे की देर रात मौत


कानपुर में रविवार शाम तेज रफ्तार स्पोर्ट बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे 22 वर्षीय आदित्य राठौर की मौत के बाद देर रात उसके दोस्त आशीष सोनकर (18) ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आशीष बाइक पर पीछे बैठा था और हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने सोमवार को दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना पनकी थाना क्षेत्र की है। काम खत्म कर बाइक से लौट रहे थे दोनों नौबस्ता थाना क्षेत्र के मछरिया गांव निवासी सरल राठौर फास्ट फूड का ठेला लगाते हैं। उनके परिवार में पत्नी सुनीता राठौर और दो बेटे अभिषेक व आदित्य थे। बड़े भाई अभिषेक के मुताबिक, आदित्य अपने दोस्त नौबस्ता निवासी आशीष सोनकर के साथ सोलर पैनल लगाने का काम करता था। आशीष के परिवार में पिता कृष्ण कुमार मजदूरी करते हैं। मां सुनीता, छोटा भाई मनीष और तीन बहनें हैं। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि रेशु और आशा पढ़ाई कर रही हैं। परिजनों के मुताबिक रविवार सुबह करीब 11 बजे आदित्य अपने दोस्त आशीष के साथ काम के सिलसिले में पनकी गया था। दोनों ने दिनभर काम किया। शाम करीब सात बजे काम खत्म करने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। अचानक अनियंत्रित हुई बाइक, डिवाइडर से टकराई दोनों पनकी सरायमीता के पास पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। बाइक सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे और काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसा देखकर राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को मदद पहुंचाने का प्रयास किया। कुछ ही देर में पनकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। आदित्य को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, आशीष हैलट रेफर पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं आशीष की हालत गंभीर होने पर उसे हैलट अस्पताल रेफर किया गया। वहां देर रात इलाज के दौरान आशीष की भी मौत हो गई। आदित्य के पास मिले मोबाइल के जरिए पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क कर हादसे की जानकारी दी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन अस्पताल पहुंचे तो आदित्य का शव देखकर बेसुध हो गए। देर रात आशीष की मौत की जानकारी मिलने के बाद उसके परिवार में भी मातम छा गया। एक साथ निकली दोनों दोस्तों की अंतिम यात्रा एक साथ काम करने वाले दोनों दोस्तों की सड़क हादसे में मौत से गांव और आसपास के लोगों में भी शोक की लहर है। परिजनों के मुताबिक, दोनों रोजाना साथ काम करने जाते थे। रविवार को भी दोनों काम खत्म करने के बाद साथ ही घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने दोनों परिवारों को जिंदगी भर का गम दे दिया। हाई स्पीड बनी हादसे की वजह, जांच कर रही पुलिस एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में स्थानीय लोगों ने बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात कही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य बिंदुओं की भी जांच कर रही है। परिजनों की ओर से तहरीर या कोई आरोप मिलता है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *