![]()
बहुचर्चित फिल्म ‘हनुमान अंश’ में बाबा नीम करौली महाराज का किरदार निभाने वाले अभिनेता शोभिनव सत्या के परिजनों को लखनऊ में कायस्थ परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। रविवार को आईआईएम रोड स्थित महर्षि विद्या मंदिर में स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, चित्रगुप्त आरती और स्तुति से हुई।
महर्षि विद्या मंदिर के प्रबंधक अनूप श्रीवास्तव और कार्यक्रम संयोजक शेखर कुमार ने शोभिनव सत्या की नानी कुसुम श्रीवास्तव, पिता सत्येंद्र श्रीवास्तव, मां लक्ष्मी श्रीवास्तव, बहन उन्नति श्रीवास्तव सहित मामा, मामी, मौसा, मौसी और अन्य परिजनों को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और तुलसी का पौधा देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम संयोजक शेखर कुमार ने कहा कि यह पहला ऐसा कार्यक्रम है, जिसमें शोभिनव सत्या के परिवार की तीन पीढ़ियों की उपस्थिति रही। उन्होंने बताया कि शोभिनव सत्या पांच बार वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो पाने पर उन्होंने खेद जताते हुए कार्यक्रम में शामिल कायस्थ परिवार के लोगों का आभार व्यक्त किया।
शेखर कुमार ने जनवरी 2027 में शोभिनव सत्या की विशेष उपस्थिति में एक बड़ी सभा आयोजित करने की घोषणा की। उपस्थित कायस्थ परिवार और अतिथियों ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई। कार्यक्रम में उमेश कुमार श्रीवास्तव, वीरेंद्र सक्सेना, आलोक श्रीवास्तव, मुनेन्द्र प्रसाद, सुनीता श्रीवास्तव, शम्भू शरण, रितु, एडवोकेट कीर्ति श्रीवास्तव, शैलेन्द्र कुमार, राजेश श्रीवास्तव और अतुल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। संचालन शेखर कुमार ने किया।
Source link
कायस्थ परिवार का समारोह:बाबा नीम करौली का किरदार निभाने वाले शोभिनव सत्या के परिजनों का किया सम्मान