![]()
मुजफ्फरनगर में मंसूरपुर थाना पुलिस ने बुधवार दोपहर करीब 3 बजे न्यायालय के आदेश पर दर्ज मुकदमे में एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला पर षड्यंत्र रचने, कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उन्हें असली बताकर इस्तेमाल करने और झूठे साक्ष्य प्रस्तुत कर एक व्यक्ति को गंभीर आपराधिक मामलों में फंसाने की कोशिश करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी महिला को उसके मकान से गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया। जमीन को लेकर चल रहा था विवाद पुलिस के मुताबिक न्यायालय के आदेश पर 14 अगस्त 2026 को मंसूरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे के वादी मोहम्मद सलमान खान ने शिकायत में बताया कि जड़ौदा अड्डे पर स्थित उनकी जमीन और संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि वर्ष 2017 के बाद कुछ लोगों ने संपत्ति पर कब्जे का प्रयास किया। वर्ष 2022 में कथित तौर पर गेट का ताला तोड़कर जमीन पर कब्जा करने का भी आरोप लगाया गया। गंभीर मुकदमों में फंसाने का आरोप सलमान खान का आरोप है कि संपत्ति विवाद के बाद उनके और भाइयों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाकर अलग-अलग शिकायतें और मुकदमे दर्ज कराने का प्रयास किया गया। शिकायत में तेजाब डालने, दुष्कर्म, गोली चलाने और रंगदारी मांगने जैसे गंभीर अपराधों में फंसाने की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया गया है। फर्जी दस्तावेज और झूठे प्रार्थना पत्र लगाने का आरोप मामले में न्यायिक प्रक्रिया के बाद एससी-एसटी न्यायालय के आदेश पर राबिया समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप है कि षड्यंत्र के तहत लगातार झूठे प्रार्थना पत्र और कथित फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया। इनके जरिए वादी को ऐसे गंभीर अपराधों में फंसाने का प्रयास किया गया, जिनमें सात वर्ष से अधिक की सजा का प्रावधान हो सकता है। महिला पर पहले से 7 मुकदमे दर्ज पुलिस के अनुसार गिरफ्तार राबिया पत्नी अनीस निवासी जड़ौदा के खिलाफ मंसूरपुर थाने में पहले से चोरी, धोखाधड़ी, मारपीट, जानलेवा हमला, छेड़छाड़ और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में सात मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान मुकदमे को मिलाकर उसके खिलाफ कुल आठ मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपियों की तलाश जारी पीड़ित मोहम्मद सलमान खान ने महिला की गिरफ्तारी पर पुलिस कार्रवाई की सराहना की है। उन्होंने मामले में शामिल बताए जा रहे अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
तेजाब, रेप और गोलीकांड जैसे मामलों में फंसाने की साजिश:महिला गिरफ्तार, कोर्ट के आदेश पर दर्ज मुकदमे में कार्रवाई; पहले से 7 केस