![]()
मेरठ के खरखौदा क्षेत्र में हुए तुषार त्यागी हत्याकांड में नया मोड़ आया है। मृतक तुषार की पत्नी, मां और बहन ने डीआईजी से मुलाकात कर पुलिस जांच पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि असली हत्यारों को बचाया जा रहा है, जबकि तुषार के पिता को साजिश के तहत हत्या के आरोप में फंसाकर जेल भेज दिया गया है। डीआईजी कार्यालय पहुंची तुषार की पत्नी शिखा त्यागी ने एक शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि उनके पति को लंबे समय से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं, जिसके वीडियो और अन्य साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं। शिखा त्यागी ने आरोप लगाया कि तुषार की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई थी, लेकिन पुलिस ने महत्वपूर्ण सबूतों के बावजूद जांच को गलत दिशा में मोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि घटनास्थल से पुलिस को अहम साक्ष्य मिले थे और सीसीटीवी फुटेज भी जांच एजेंसियों के पास उपलब्ध है। इसके बावजूद, पुलिस ने तुषार के पिता को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। परिवार का दावा है कि घटना के समय उनके पिता ऋषिकेश में थे। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोगों के दबाव में जांच प्रभावित हुई है। उनका कहना है कि मुख्य आरोपियों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है और उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। परिवार ने अपनी और तुषार के दो बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की। डीआईजी से मुलाकात के दौरान मृतक की मां, पत्नी और बहन भावुक हो गईं। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की, ताकि वास्तविक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हो सके और परिवार को न्याय मिल सके। सूत्रों के अनुसार, डीआईजी ने मामले को गंभीरता से लिया है और जांच की समीक्षा के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
Source link
तुषार हत्याकांड: पत्नी-बहन ने डीआईजी से लगाई गुहार:कहा- असली हत्यारों को बचाकर पिता को फंसाया गया