ड्राइविंग का बताकर बकरी चराने के वीजे पर सऊदी भेजा:अरब से रोते हुए वीडियो आया तो रुपये देकर वापस बुलाया, एजेंट से मारपीट


प्रयागराज में विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एजेंट ने एक युवक को ड्राइविंग का वीजा बताकर सऊदी अरब भेज दिया। विदेश में नौकरी के नाम पर परिवार वालों से 5 लाख रुपये लिए गए। युवक सऊदी पहुंचा तो उसे पता चला कि महज तीन महीने के लिए उसे बकरी चराने के वीजे पर भेजा गया है। इस दौरान युवक सऊदी में फंसा तो रोते हुए अपना वीडियो बनाकर भेजने लगा।
इसके बाद परिवार ने एजेंट से बात की तो वापस बुलाने के लिए दो लाख रुपये लिए। कहा कि युवक की वापसी के बाद रुपये वापस मिल जाएंगे। युवक वापस लौटा और रुपये मांगे तो एजेंट ने मारपीट कर भगा दिया। परिवार ने सभी दस्तावेज और वीडियो पुलिस को सौंप कार्रवाई की मांग की है। जानिये क्या है पूरा मामला मामला नवाबगंज थाना क्षेत्र के लालगोपालगंज का है। रविवार को सुनीला देवी ने पुलिस अधिकारियों समेत नवाबगंज थाने में तहरीद देकर बताया कि उसके बेटे विमल को सऊदी में ड्राइवर की नौकरी दिलाने के लिए एजेंट धर्मराज निवासी हथिगवां प्रतापगढ़ ने 5 लाख रुपये लिए। दो फरवरी को विमल को सऊदी भेज दिया गया। सऊदी के दम्माम शहर पहुंचने पर उसे बकरी चराने के लिए जंगल भेज दिया गया। उससे बताया गया कि तीन महीवे का वीजा है और जंगल में ही रहना है। युवक को दो दिनों पर खाना दिया जाने लगा। परेशान विमल ने घरवालों से संपर्क कर पूरी बात बताई। साथ ही सऊदी से वीडियो भेजने लगा। विमल की मां का कहना है कि एजेंट धर्मराज के पास फिर से गए तो बताया कि वह जेल जाने वाला है। उसे वापस बुलाने के लिए दो लाख रुपये भेजने होंगे। लड़का वापस आ जाएगा तो सऊदी का एजेंट दो लाख रुपये वापस भेज देगा। इसके बाद परिवार वालों ने दो लाख रुपये दिए। एजेंट ने बताया कि सऊदी भेजने में जो पांच लाख रुपये खर्च हुए थे वह वापस मिल जाएंगे। 10 जुलाई को विमल के पास आने के बाद जब एजेंट से संपर्क किया गया तो उसने मारपीट कर भगा दिया। नवाबगंज पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद एजेंट को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। रुपये के लेनदेन और वीडियो साक्ष्य के तौर पर मांगे गए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *