![]()
देवरिया के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के सोपरी बुजुर्ग गांव में बुधवार शाम 7 बजे घर के बाहर खेल रहे 18 महीने के एक बच्चे ने सांप के बच्चे को खिलौना समझकर मुंह में डाल लिया। फिर उसे काट लिया। घटना के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। सोपरी बुजुर्ग गांव निवासी जशवंत निषाद का 18 माह का बेटा पीयूष घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान उसे एक छोटा सांप का बच्चा दिखा। परिजनों के मुताबिक, पीयूष ने उसे खिलौना समझ लिया और खेलते हुए उसे मुंह में डालकर काटने लगा। कुछ देर बाद परिवार के सदस्यों की नजर बच्चे पर पड़ी। उन्होंने देखा कि बच्चे के पास सांप का कटा हुआ हिस्सा पड़ा है। यह देखकर परिजन घबरा गए और तुरंत बच्चे को इलाज के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले गए।
मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने बच्चे का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। यह घटना गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है। परिजन बच्चे के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि ऐसे मामलों में समय पर चिकित्सा सहायता मिलना अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. एच.के. मिश्रा ने बताया कि विषैले जीव-जंतुओं के संपर्क में आने पर तत्काल उपचार और लगातार चिकित्सकीय निगरानी आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से छोटे बच्चों पर विशेष ध्यान रखने की अपील की। स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से अपील की है कि यदि कोई बच्चा या व्यक्ति सांप अथवा अन्य विषैले जीव के संपर्क में आता है, तो घरेलू उपचार के बजाय तुरंत निकटतम अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय सहायता लें।
Source link
डेढ़ साल के मासूम ने सांप के बच्चे को काटा:खेलते हुए मुंह में डाल लिया, हालत बिगड़ने पर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर