सीतापुर में बीएससी छात्रा 9 दिन से लापता,परिजनों में आक्रोश:अंबेडकर प्रतिमा के नीचे ग्रामीण धरने पर बैठे, पुलिस बोली- नामजद आरोपी से हुई पूछताछ


सीतापुर के संदना थाना क्षेत्र में बीएससी की एक छात्रा के पिछले नौ दिनों से लापता होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। छात्रा की बरामदगी न होने से नाराज परिजन और दलित समाज के सैकड़ों लोग देर शाम अंबेडकर प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने छात्रा को जल्द बरामद करने और आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र की रहने वाली बीएससी की छात्रा नौ दिन पहले अपने घर से डिग्री कॉलेज पढ़ने के लिए निकली थी। परिजनों के मुताबिक छात्रा रोज की तरह कॉलेज जाने की बात कहकर घर से गई थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। जब परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की तो उसका कहीं कोई पता नहीं चला। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। छात्रा के परिजनों ने थाना क्षेत्र के ही एक गांव के युवक विशाल पाल पर छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि घटना के नौ दिन बाद भी छात्रा की बरामदगी नहीं होने से परिवार और समाज के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी के विरोध में परिजन और दलित समाज के सैकड़ों लोग अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर एकत्र होकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की। धरने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाने का प्रयास किया। मामले में क्षेत्राधिकारी मिश्रिख ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। छात्रा की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उसे बरामद कर लिया जाएगा। हालांकि जिस लड़के पर परिजनों ने आरोप लगाया है उससे भी पूछताछ की जा चुकी है वह लड़का लखनऊ में कोचिंग कर रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *