![]()
संभल में 1978 के सांप्रदायिक दंगों से प्रभावित रस्तोगी परिवार को करीब 48 साल बाद पुनर्वास की दिशा में बड़ी राहत मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की पहल पर परिवार को संभल में 100 गज भूमि का पट्टा आवंटित किया गया है। शुक्रवार को जिला प्रभारी मंत्री जीपीएस राठौर परिवार को पट्टा सौंपेंगे। गुरुवार शाम परिवार के सदस्य तहसील पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों में शामिल हुए। रस्तोगी परिवार की सदस्य रुक्मणी रस्तोगी और उनके पोते कपिल रस्तोगी बुधवार शाम संभल तहसील पहुंचे। प्रशासन की ओर से भूमि आवंटन और पट्टा वितरण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परिवार का कहना है कि दंगों और बाद में मिली धमकियों के कारण उन्हें वर्षों पहले संभल छोड़ना पड़ा था, लेकिन अब सरकार उन्हें दोबारा बसाने का प्रयास कर रही है। रुक्मणी रस्तोगी ने बताया कि 1978 के दंगों के बाद परिवार को लगातार भय और असुरक्षा का सामना करना पड़ा। परिस्थितियां ऐसी बनीं कि उन्हें अपना घर-बार छोड़कर दूसरे स्थान पर रहना पड़ा। उन्होंने कहा कि अब जमीन मिलने के बाद परिवार संभल में फिर से अपना आशियाना बनाएगा। पोते कपिल रस्तोगी ने बताया कि 29 मार्च 1978 को उनके दादा रामशरण रस्तोगी अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी दंगाइयों की भीड़ ने दुकान में लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर उनकी हत्या कर दी गई। कपिल का आरोप है कि घटना के बाद परिवार लंबे समय तक भय के साये में जीता रहा और वर्ष 2005 में दोबारा मिली धमकियों के चलते उन्हें संभल से पलायन करना पड़ा। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री द्वारा मामले का संज्ञान लेने और प्रशासन को आवश्यक निर्देश देने के बाद पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू हुई। अब परिवार को भूमि आवंटित कर दोबारा बसाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में वर्ष 1978 के संभल दंगों का उल्लेख करते हुए उस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौत का मुद्दा उठाया था। इसके बाद दंगा प्रभावित परिवारों से जुड़े मामलों की समीक्षा शुरू हुई। रस्तोगी परिवार को भूमि आवंटन को उसी प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है। प्रशासन के अनुसार गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री जीपीएस राठौर परिवार को 100 गज भूमि का पट्टा सौंपेंगे। इसके साथ ही परिवार के पुनर्वास की औपचारिक प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
Source link
संभल दंगा पीड़ित रस्तोगी परिवार को मिलेगा पट्टा:48 साल बाद प्रभारी मंत्री सौंपेंगे 100 गज जमीन, बोले- धमकियों से पलायन किया