![]()
अमेठी में जिलाधिकारी संजय चौहान ने कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्माणाधीन ग्रामीण पाइप पेयजल परियोजना की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, जल निगम विभाग के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि जल जीवन मिशन भारत सरकार की एक प्राथमिकता वाली योजना है, जिसका लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक घर तक सुरक्षित और शुद्ध पेयजल पहुंचाना है। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थावार परियोजना की प्रगति रिपोर्ट की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, सामग्री की उपलब्धता, ठेकेदारों की कार्यशैली, पाइपलाइन बिछाने की तकनीकी प्रक्रिया, जलस्रोतों की स्थिति, पानी की गुणवत्ता जांच और लाभार्थियों तक जल कनेक्शन की वर्तमान स्थिति पर जानकारी ली। चौहान ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या कार्य में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोपरि होनी चाहिए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिन क्षेत्रों में परियोजना का कार्य धीमी गति से चल रहा है, वहां संबंधित कार्यदायी संस्थाएं तेजी लाएं। जिलाधिकारी ने पेयजल योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए स्वयं गांवों का दौरा करने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी समय-सीमा के भीतर सभी लक्ष्यों को पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को कोई असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि इस बैठक का उद्देश्य केवल योजना की प्रगति की समीक्षा करना नहीं है, बल्कि इसे और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा जनहितकारी बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाना है।
Source link
डीएम ने जल जीवन मिशन की समीक्षा की:हर घर में शुद्ध पानी पहुंचाना लक्ष्य, वर्तमान कनेक्शन की जानकारी ली