![]()
रामपुर के जालपुर मार्ग पर लंबे समय से जमा गंदगी और खराब सड़क की स्थिति अब सुधरने लगी है। सोमवार सुबह से सड़क की सफाई और मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया। बताया जा रहा है कि जिलाधिकारी के लगातार इस मार्ग से आने-जाने के बाद संबंधित विभागों के अधिकारी सक्रिय हुए और मौके पर सफाई व सड़क सुधार का काम शुरू कराया गया। मार्ग के दोनों किनारों पर लंबे समय से जमा कूड़े के ढेर हटाए जा रहे हैं। इसके साथ ही सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत भी शुरू कर दी गई है। पीडब्ल्यूडी, बीडीओ और अन्य विभागों के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर सफाई और मरम्मत के काम में जुटे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क किनारे कई वर्षों से गंदगी जमा थी। इसे लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। गंदगी के कारण राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। बोले लोग- अब अधिकारी लगातार पहुंच रहे स्थानीय निवासी प्रकाश चंद ने बताया कि गंदगी और सड़क की खराब स्थिति को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई खास कार्रवाई नहीं हुई। अब जिलाधिकारी का इस मार्ग से आना-जाना बढ़ा है तो अधिकारी भी मौके पर पहुंच रहे हैं और सफाई का काम तेजी से हो रहा है। मनवीर ने भी कहा कि जिलाधिकारी के आने-जाने के बाद ही सड़क की सफाई और सुधार का काम शुरू हुआ है। वहीं, स्थानीय निवासी राजेश ने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अधिकारी अपने बड़े अफसरों को दिखाने के लिए आने पर काम कराते हैं। उनका कहना है कि सड़क की वास्तविक स्थिति स्थानीय लोग रोज देखते हैं। नियमित निगरानी की मांग स्थानीय लोगों का कहना है कि फिलहाल कूड़ा हटने और सड़क की मरम्मत शुरू होने से राहत की उम्मीद जगी है। लोगों ने मांग की है कि सड़क किनारे नियमित सफाई और क्षतिग्रस्त हिस्सों की समय-समय पर मरम्मत होती रहे, ताकि कुछ दिनों बाद दोबारा वही स्थिति न बने।
Source link
डीएम के आने के बाद जालपुर मार्ग पर सफाई शुरू:सालों से गंदगी और बदहाल सड़क की शिकायतें अनसुनी रहीं, अब मरम्मत भी हो रही