![]()
अमेरिका में अमेरिकन एयरलाइंस की एक फ्लाइट में एक यात्री ने जमकर हंगामा किया। पहले उसकी एक यात्री से बहस हुई और फिर उसने उस पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई एक महिला को भी धक्का दिया। हालात बिगड़ने पर तीन यात्रियों ने उसे काबू कर सीट से बांध दिया। इसके बाद विमान को बाल्टीमोर एयरपोर्ट डायवर्ट किया गया, जहां उतरते ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। यह घटना गुरुवार रात अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट 618 में हुई। विमान टेक्सास के डलास-फोर्ट वर्थ से न्यू जर्सी के नेवार्क जा रहा था। जीसस और नरक की बातें करते हुए चिल्लाने लगा रिपोर्ट्स के मुताबिक, उड़ान के करीब दो घंटे बाद यात्री अचानक बगल में बैठे व्यक्ति पर चिल्लाने लगा। वह जीसस और नरक में जाने की बातें कर रहा था। फ्लाइट अटेंडेंट ने उसे शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वह और ज्यादा आक्रामक हो गया। आरोप है कि उसने एक अश्वेत फ्लाइट अटेंडेंट के खिलाफ नस्लीय गाली दी और समलैंगिक लोगों को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। इसके बाद उसने पास बैठे यात्री पर हमला कर दिया। महिला को धक्का देने के बाद बढ़ा विवाद एक महिला यात्री ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने महिला को भी धक्का दे दिया। इसके बाद तीन पुरुष यात्री आगे आए और उसे रोकने की कोशिश की। इनमें रिटायर्ड कानून प्रवर्तन अधिकारी जुआन मेजिया भी शामिल थे। उन्होंने CBS Texas को बताया कि कुछ ही सेकंड में विमान का माहौल बदल गया। मेजिया के मुताबिक, पहले सब कुछ सामान्य था। फिर यात्री अचानक चिल्लाने लगा। उन्होंने देखा कि वह पास बैठे व्यक्ति का गला पकड़कर उस पर हमला कर रहा था। यात्रियों ने डक्ट टेप और जिप टाई से बांधा आरोपी बार-बार छूटने की कोशिश कर रहा था। ऐसे में यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने उसे सीट पर रोकने के लिए डक्ट टेप और जिप टाई का इस्तेमाल किया। वीडियो और तस्वीरों में उसके हाथ-पैर बंधे नजर आ रहे हैं। उसके सिर को भी टेप की मदद से सीट के सहारे रोका गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्लाइट अटेंडेंट्स ने यात्रियों को डक्ट टेप और जिप टाई उपलब्ध कराई थीं। फ्लाइट बाल्टीमोर डायवर्ट की गई अमेरिकन एयरलाइंस और अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने बताया कि घटना के बाद फ्लाइट को बाल्टीमोर डायवर्ट किया गया। विमान के उतरने के बाद कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने यात्री को हिरासत में ले लिया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने अभी उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
Source link
अमेरिका में यात्री को फ्लाइट में टेप से बांधा:मारपीट और हंगामा कर रहा था, विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी