बारिश के बाद धूप खिली तो अस्पतालों में बढ़े मरीज:मेरठ मेडिकल की ओपीडी 5000 पार- बढ़े वायरल, फ्लू और एलर्जी के मरीज


मेरठ में पिछले चार दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के बाद सोमवार को पहली बार मौसम साफ रहा। मौसम में अचानक हुए बदलाव का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई दिया। सुबह से ही शहर के अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। वायरल, इंफेक्शन, फ्लू और एलर्जी से संबंधित शिकायतों के मरीजों की संख्या बढ़ी है। एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सोमवार को मरीजों की भीड़ अधिक रही। स्किन, मेडिसिन और आंखों की ओपीडी में मरीजों की संख्या करीब 600 से 700 तक पहुंच रही है। वहीं, मेडिकल कॉलेज की कुल ओपीडी भी 5000 से अधिक जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार लगातार बारिश के बाद मौसम साफ होने और तापमान व नमी में बदलाव के कारण वायरल, सर्दी-जुकाम, फ्लू, एलर्जी और संक्रमण की शिकायत लेकर मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। बारिश के दौरान घरों में रहने के बाद मौसम साफ होते ही बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। सुबह से ही पंजीकरण काउंटर से लेकर ओपीडी तक मरीजों की कतारें दिखाई दीं। इसी तरह जिला अस्पताल की ओपीडी में भी मरीजों की संख्या बढ़ी है। यहां भी वायरल, बुखार, एलर्जी और अन्य मौसमी बीमारियों के मरीज इलाज के लिए पहुंचे। चिकित्सकों का कहना है कि बारिश के बाद मौसम साफ होने पर तापमान, नमी और वातावरण में बदलाव का असर शरीर पर पड़ सकता है। ऐसे में वायरल और एलर्जी की शिकायतें बढ़ सकती हैं। लोगों को बदलते मौसम में सावधानी बरतने और लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *