भास्कर न्यूज | बलरामपुर जिले के ग्राम पंचायत डिंडो में रामविचार नेताम ने 1154.45 लाख से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन व शिलान्यास किया। इस दौरान सड़क, सामाजिक भवन और खेल सुविधाओं से गांव के स्वरूप में व्यापक बदलाव की उम्मीद जताई गई। मंत्री नेताम ने क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने तीन प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। इनमें तालकेश्वरपुर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना मार्ग से कुल्लूडीह होते हुए गोंड पारा सलवाही तक 5.40 किमी, गुदाह मार्ग से पीपरपान बस्ती तक 4.13 किमी और कमिश्नर नगर से मुख्य मार्ग सोमारू घर तक 1.53 किमी सड़क निर्माण शामिल है। इन सड़कों के बनने से ग्रामीण क्षेत्रों का मुख्य मार्गों से सीधा संपर्क स्थापित होगा। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड के अंतर्गत गोंड समाज के लिए सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन, धान उपार्जन केंद्र में चबूतरा निर्माण और युवाओं के लिए खेल मैदान का भूमिपूजन भी किया। कार्यक्रम डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर आयोजित किया गया, जहां मंत्री नेताम ने शिक्षा को विकास की सबसे बड़ी कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही अपने अधिकारों और कर्तव्यों को बेहतर ढंग से समझ सकता है और शासन की योजनाओं का लाभ उठा सकता है। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम, जनपद पंचायत अध्यक्ष मुद्रिका सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। विकासकार्यों के लिए भूमिपूजन करते हुए लोग।
Source link
डिंडो में 11.54 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन