![]()
देवरिया के भटनी के साहोपार स्थित प्राथमिक विद्यालय में टाइल्स लगाने के दौरान करंट लगने से कारीगर चंद्रमा गुप्ता (32) की मौत हो गई। हादसा शनिवार शाम करीब सात बजे हुआ। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। चंद्रमा परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। कटे हुए बिजली के तार की चपेट में आए खुखुंदू थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव निवासी चंद्रमा गुप्ता अपने भाई अजय गुप्ता के साथ पिछले पांच दिनों से साहोपार प्राथमिक विद्यालय में टाइल्स लगाने का काम कर रहे थे। शनिवार शाम करीब सात बजे टाइल्स काटने वाली मशीन चालू करते समय वह कटे हुए बिजली के तार की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई मौत भाई अजय गुप्ता ने डंडे की मदद से बिजली का तार हटाकर चंद्रमा को करंट से अलग किया। इसके बाद ग्राम प्रधान के पति विकास प्रताप शाही की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटनी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन बेहतर इलाज की उम्मीद में उन्हें महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज भी ले गए, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी। पुलिस ने शुरू की विधिक कार्रवाई घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाटपाररानी के क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि करंट लगने से टाइल्स कारीगर की मौत हुई है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। चंद्रमा गुप्ता अपने पीछे पत्नी प्रियांशु, तीन वर्षीय बेटी जाह्नवी और महज 10 दिन के बेटे को छोड़ गए हैं। उनके माता-पिता बसंती देवी और रामलोचन गुप्ता भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं। चंद्रमा मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे और माता-पिता से अलग रहकर पत्नी व बच्चों की जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Source link
टाइल्स लगाते समय कारीगर की करंट से मौत:देवरिया के प्राइमरी स्कूल में काम कर रहा था, मशीन चालू करते समय चपेट में आए