झांसी में मोबाइल पर आ रहा अलर्ट, आज झुलसाएगी गर्मी:मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, 47 के पार जाएगा पारा


झांसी में मंगलवार को भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि सड़कों पर सुबह के समय ही सन्नाटा नजर आने लगा।
मोबाइल यूजर्स के पास भी प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से अलर्ट मैसेज भेजे गए हैं। इसमें लोगों से अपील की गई है कि बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलें। खासकर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
आईएमडी के अनुसार आज झांसी का अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। फिलहाल जिले में अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ इसमें और बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है। वहीं, हीट वेव की स्थिति लोगों की सेहत पर भी असर डाल सकती है।
डॉक्टरों का कहना है कि लगातार तेज गर्मी और लू के कारण डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, उल्टी और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
शहर में पहले से चल रही अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। कई इलाकों में लोग दिन और रात दोनों समय गर्मी से बेहाल हैं। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों की आवाजाही कम दिखाई दे रही है।
प्रशासन ने लोगों से पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर ढंककर रखने की अपील की है। वहीं, जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *