जो सरकार गोवध न रोके, उसे सत्ता का हक नहीं:आगरा में पालकी यात्रा के दौरान बोले शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद,


गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने और देशभर में पूर्ण गोवंश वध बंदी की मांग को लेकर निकाली जा रही 81 दिवसीय गविष्टि (गो-रक्षार्थ-धर्मयुद्ध) यात्रा के तहत रविवार को आगरा पहुंचे जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि जो सरकार गोवध नहीं रोक सकती, उसे सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि गौरक्षा केवल धार्मिक नहीं, बल्कि राष्ट्र और संस्कृति की रक्षा का विषय है। पूर्ण गोवंश वध बंदी की उठाई मांग धाकरान चौराहा पर आयोजित धर्मसभा में शंकराचार्य ने कहा कि भारत में गाय को सदैव माता का दर्जा प्राप्त रहा है, क्योंकि वह कृषि, पर्यावरण और भारतीय संस्कृति का आधार है। उन्होंने कहा कि आज भी देश के विभिन्न हिस्सों में गोवध और गोमांस उपभोग की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो चिंता का विषय है। यदि वास्तव में गौमाता के प्रति सम्मान है तो पूरे देश में पूर्ण गोवंश वध बंदी लागू की जानी चाहिए। गौरक्षा के लिए जनमत तैयार करने का अभियान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत का उल्लेख करते हुए कहा कि गौरक्षा के विषय में अपेक्षित दृढ़ता दिखाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि गविष्टि यात्रा किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने और गौरक्षा के पक्ष में जनमत तैयार करने के लिए निकाली जा रही है। महेश धाकड़ सम्मानित, हल भेंट कर किया अभिनंदन धर्मसभा में गौसेवा एवं गौरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए महेश धाकड़ को सम्मानित किया गया। वहीं आयोजकों ने शंकराचार्य को भारतीय कृषि और गौआधारित संस्कृति के प्रतीक स्वरूप हल भेंट कर सम्मानित किया। पालकी यात्रा के साथ पहुंचे श्री प्रेमनिधि जी मंदिर धर्मसभा के उपरांत धाकरान चौराहा से नाई की मंडी स्थित प्राचीन श्री प्रेमनिधि जी मंदिर तक शंकराचार्य की पालकी यात्रा निकाली गई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और जयघोषों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। मंदिर पहुंचकर उन्होंने ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी महाराज के दर्शन एवं पूजन किए तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद मंदिर परिसर में मुख्य सेवा अधिकारी हरिमोहन गोस्वामी, सुनीत गोस्वामी, दिनेश पचौरी, सुरेश पचौरी, आशीष बल्लभ पचौरी सहित मंदिर परिवार के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए उपस्थित रहे। आगरा मंडल संयोजक आशीष बल्लभ पचौरी ने बताया कि “अहं हनं वृत्रं गविष्ठौ” के मूल मंत्र के साथ संचालित यह 81 दिवसीय गविष्टि यात्रा देशभर में गौरक्षा के प्रति जनचेतना जागृत करने और गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने के उद्देश्य से आगे बढ़ रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *