जालौन में स्कूटी टक्कर के बाद दो पक्षों में मारपीट:महिलाओं समेत 6 लोग घायल, पुलिस ने कराया शांत


जालौन के कदौरा कस्बे में शुक्रवार दोपहर एक मामूली सड़क हादसा देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। स्कूटी की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें महिलाओं समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। यह घटना अंबेडकर नगर मोहल्ले में हुई। मोहल्ला अंबेडकर नगर निवासी निशा पुत्री कैलाश अपने मोहल्ले में टहल रही थीं, तभी मोहल्ला सिद्धार्थ नगर निवासी आशिक पुत्र राजेश की स्कूटी से उन्हें टक्कर लग गई। टक्कर लगने से निशा सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। निशा को घायल देखकर उनके परिजन मौके पर पहुंच गए और आशिक से कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच, कुछ लोगों ने आशिक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों से करीब एक दर्जन लोग इकट्ठा हो गए और विवाद ने उग्र रूप ले लिया। दोनों ओर से लाठी-डंडों और हाथापाई से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने मारपीट की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। इस संघर्ष में एक पक्ष से आशिक, सुधा और रिचा घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष से निशा और अर्चना को चोटें आई हैं। प्रभारी निरीक्षक परमेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *