कानपुर में टूटी सड़क को लेकर व्यापारियों ने प्रदर्शन किया:ढोल-मंजीरा और थाली बजाकर नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी, धरने की चेतावनी दी


कानपुर में सोमवार को भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की ओर से चालीस दुकान के सामने किदवई नगर से यशोदा नगर की ओर जाने वाली खस्ताहाल सड़कों को लेकर व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। सड़क के गड्‌ढों में गिरकर घायल हुए व्यापारी व दुकानदार भी इसमें शामिल हुए। थाली और ढोल बजाकर विरोध प्रदर्शन करने के साथ ही सरकार के खिलाफ नारे भी लगाए। इस दौरान व्यापारियों ने सड़क पर अपनी बाइकों को भी लिटाकर बताया कि उनके दो पहिया वाहन भी जर्जर होते जा रहे हैं। प्रदर्शन से जुड़ी तस्वीरें देखिए… गिरकर घायल होने और कारोबार चौपट होने पर सड़क पर उतरे व्यापारी भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई में टूटी सड़क को लेकर धरना प्रदर्शन हुआ। प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र, किदवई नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अशोक शुक्ला, वरिष्ठ महामंत्री राजकुमार गुप्ता, युवा अध्यक्ष विनायक पोद्दार, महामंत्री बालकृष्ण गुप्ता एवं सुबोध पांडेय समेत सैकड़ों व्यापारी एकजुट हुए। व्यापारियों ने किदवईनगर से यशोदनगर जाने वाली मुख्य सड़क पर चालीस दुकान बाजार के आगे बुरी तरह क्षतिग्रस्त सड़क और बड़े-बड़े गड्ढों के विरोध को लेकर ढोल-मंजीरा बजाने के साथ ही थाली बजाकर विरोध प्रदर्शन किया। गड्ढों में गिरकर घायल हुए व्यापारियों और नागरिकों ने अपने दोपहिया वाहनों के साथ सड़क पर बैठकर ढोल-मजीरा बजाते हुए नगर निगम के खिलाफ विरोध जताया। इसके साथ ही व्यापारियों ने “ सड़कें ठीक करो”, “गड्ढे बंद करो” और “कानपुर महानगर की सड़कें ठीक करो” के नारे लगाए। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर इस सड़क के इन गड्ढों को भरकर सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया तो इसी स्थान पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। सीएम ग्रिड की सड़कों ने किया शहर बदहाल प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि सीएम ग्रिड की बदहाल सड़कों से व्यापारी पहले से ही परेशान हैं और अब नगर निगम क्षेत्र की मुख्य सड़कों पर बने बड़े-बड़े गड्ढों ने व्यापारियों और आम नागरिकों की परेशानी और बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों में ही इस सड़क पर दस से अधिक व्यापारी और नागरिक दोपहिया वाहनों से गिरकर घायल हो चुके हैं। कई स्थानों पर गड्ढों के कारण ई-रिक्शा तक पलट चुके हैं। सड़क की बदहाली के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, इसका सीधा असर चालीस दुकान बाजार सहित पूरे किदवईनगर के व्यापार पर पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि किदवईनगर की इस मुख्य सड़क सहित कानपुर महानगर की क्षतिग्रस्त सड़कों के गड्ढों को तत्काल भरवाकर सड़क निर्माण व मरम्मत का कार्य कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तीन दिन में समाधान नहीं हुआ तो इसी स्थान पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

व्यापार मंडल अध्यक्ष बोले- सड़क की खराबी से व्यापार प्रभावित उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अशोक शुक्ला ने कहा कि मार्बल मार्केट वाली सीएम ग्रिड सड़क के निर्माण में लापरवाही के कारण पहले से ही किदवईनगर का व्यापार प्रभावित है। अब किदवईनगर से यशोदनगर जाने वाली इस प्रमुख सड़क की बदहाली के कारण चालीस दुकान बाजार सहित आसपास के व्यापारियों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सड़क के गड्ढों को तत्काल भरकर इसका निर्माण जल्द पूरा कराया जाए, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ये लोग प्रदर्शन में हुए शामिल इसमें संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जय कुमार शर्मा टीटू, युवा वरिष्ठ महामंत्री प्रखर श्रीवास्तव, भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिला संयुक्त महामंत्री केके गुप्ता, दक्षिण युवा अध्यक्ष अनुज त्रिपाठी, सत्यम मिश्र, आशीष अग्रवाल, विवेक सिंह, मोहम्मद कासिम, मो. शमीम, राजन बाजपेयी, शिव प्रताप परिहार, राकेश गुप्ता, राजन गुप्ता, पंकज गुप्ता, सनी वर्मा, अतुल गुप्ता सहित सौ से अधिक व्यापारी मौजूद रहे ।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *