जालौन में तेज बहाव से बहा अस्थायी पीपों का पुल:10 मीटर सड़क भी ध्वस्त, 2000 आबादी प्रभावित, मुख्यालय से संपर्क टूटा


जालौन में सोमवार रात से लगातार हो रही बारिश ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की तैयारियों की पोल खोल दी। शुक्रवार दोपहर उरई क्षेत्र के मलंगा नाले में अचानक आए तेज उफान से रगौली गांव को जोड़ने वाला अस्थायी पीपों का पुल बह गया। तेज बहाव में पुल से जुड़ा करीब 10 मीटर लंबा अप्रोच मार्ग भी कटकर नाले में समा गया। इसके चलते रगौली गांव का उरई मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह टूट गया और दोनों ओर राहगीर बीच रास्ते में फंस गए। इस घटना से करीब 2 हजार की आबादी प्रभावित हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, रगौली गांव के पास स्थित जर्जर पुल को करीब डेढ़ माह पहले ध्वस्त कर दिया गया था। उसकी जगह लगभग दो करोड़ रुपए की लागत से नए पुल का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान आवागमन बनाए रखने के लिए पीडब्ल्यूडी और कार्यदायी संस्था ने नाले पर अस्थायी पीपों का पुल और वैकल्पिक मार्ग तैयार कराया था। लेकिन लगातार बारिश के कारण शुक्रवार को मलंगा नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ा और तेज बहाव अस्थायी पुल को बहा ले गया। टला बड़ा हादसा, दोनों ओर लगी लोगों की कतार गनीमत रही कि घटना के समय लगातार बारिश होने के कारण पुल पर कोई मजदूर या ग्रामीण मौजूद नहीं था। यदि उस समय आवागमन हो रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुल बहने के बाद दोनों ओर लोगों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। छात्र, किसान और मरीज सबसे ज्यादा परेशान इस मार्ग से प्रतिदिन करीब दो हजार ग्रामीण, छात्र-छात्राएं, किसान और कर्मचारी आवागमन करते हैं। पुल टूटने के बाद अब लोगों को रेवा गांव के रास्ते करीब चार किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। लगातार बारिश के चलते यह वैकल्पिक मार्ग भी कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गया है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। स्कूली बच्चों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, जल्द बहाली का दावा घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। सुरक्षा के मद्देनजर नाले के दोनों ओर बांस-बल्ली से बैरिकेडिंग कर चेतावनी बोर्ड लगा दिए गए हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति क्षतिग्रस्त मार्ग से गुजरने का प्रयास न करे। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि पुल बहने की सूचना मिलते ही विभाग ने स्थिति का आकलन शुरू कर दिया है। जल्द से जल्द आवागमन बहाल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने वैकल्पिक मार्ग की तत्काल व्यवस्था कर गांव का मुख्यालय से संपर्क शीघ्र बहाल कराने की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *