![]()
मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के रुहासा गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी पसरी हुई है। प्रेम प्रसंग के शक में एक पिता ने अपनी ही बेटी पर पशु काटने वाले छुरे से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती जिंदगी और मौत की जंग जीत तो गई, लेकिन अब भी अपने पिता के नाम से सहमी हुई है। मेडिकल कॉलेज में भर्ती युवती की हालत में सुधार जरूर बताया जा रहा है, मगर उसके शरीर पर लगे गहरे जख्म उस खौफनाक वारदात की गवाही दे रहे हैं। बताया गया कि शुक्रवार सुबह गांव निवासी अल्ताफ कुरैशी को अपनी बेटी साहिबा के प्रेमी से बातचीत करने की जानकारी मिली थी। इसी बात को लेकर घर में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते गुस्से में बेकाबू हुए अल्ताफ ने पशु काटने वाले बड़े छुरे से बेटी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो घर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। साहिबा लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ी तड़प रही थी। सूचना मिलते ही दौराला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में युवती को पहले जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक युवती की हालत अब स्थिर है, हालांकि वह अभी भी गहरे सदमे में है। परिजनों के अनुसार साहिबा बार-बार अपने पिता के बारे में पूछे जाने पर घबरा जाती है और डर से कांपने लगती है। पुलिस ने आरोपी पिता अल्ताफ कुरैशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं युवती की मां ने पुलिस को अलग कहानी बताते हुए आरोप लगाया कि साहिबा पर हमला उसके प्रेमी पक्ष के लोगों ने किया था। हालांकि पुलिस जांच में यह दावा गलत पाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच और साक्ष्यों में पिता द्वारा ही बेटी पर हमला करने की पुष्टि हुई है। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। लोग इस बात से हैरान हैं कि आखिर एक पिता अपनी ही बेटी का दुश्मन कैसे बन गया।
Source link
जान तो बच गई, लेकिन पिता से खौफजदा है बेटी:प्रेमी से बात करने पर पिता ने किया था छुरे से हमला, गम्भीर बनी हुई है हालत