![]()
मिर्जापुर में जल जीवन मिशन के तहत धनीपट्टी गांव के हर घर तक पाइपलाइन से पानी पहुंचने से ग्रामीणों को वर्षों पुरानी पेयजल समस्या से राहत मिली है। अब ग्रामीणों को पानी के लिए दूर स्थित हैंडपंप और कुओं पर नहीं जाना पड़ता। इसका सबसे अधिक फायदा महिलाओं को मिला है, जिन्हें पहले रोजाना पानी लाने में काफी समय और मेहनत करनी पड़ती थी। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि जिले के 12 विकासखंडों में नौ ग्राम समूह पेयजल योजनाओं के माध्यम से 1610 गांवों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इनमें 1573 गांवों का प्रमाणीकरण भी हो चुका है। धनीपट्टी गांव के सभी 188 परिवारों को पाइपलाइन के जरिए पानी मिल रहा है।
पानी लाने में घंटों होती थी मेहनत ग्रामीणों के अनुसार पहले पानी की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती थी। महिलाओं को घर का काम छोड़कर दूर से पानी लाना पड़ता था। कई बार बच्चों को भी पानी लाने में मदद करनी पड़ती थी, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती थी।
धनीपट्टी निवासी संगीता देवी ने बताया कि पहले पानी लाने में काफी समय और मेहनत लगती थी। अब घर में नल से पानी मिलने से समय की बचत होती है और रोजमर्रा के काम आसानी से पूरे हो जाते हैं।श्यामकुमारी ने बताया कि अब घर पर ही शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है। इससे जलजनित बीमारियों का खतरा भी कम हुआ है और लोगों के स्वास्थ्य पर सकारात्मक असर पड़ा है। महिलाओं की बड़ी चिंता हुई दूर ग्रामीण शंकरदेई ने बताया कि पहले पानी की कमी को लेकर रोज चिंता बनी रहती थी। खासकर महिलाओं के लिए सुबह से ही पानी की व्यवस्था करना बड़ी जिम्मेदारी होती थी। अब घर-घर नियमित जलापूर्ति होने से यह परेशानी दूर हो गई है। जल जीवन मिशन से धनीपट्टी में सिर्फ पेयजल की समस्या ही दूर नहीं हुई, बल्कि ग्रामीणों का समय और श्रम भी बच रहा है। घर की टोंटी से पहुंच रहा पानी ग्रामीण परिवारों के लिए सुविधा के साथ बेहतर और सुरक्षित जीवन की नई शुरुआत बन रहा है।
Source link
जल जीवन मिशन से बदली धनीपट्टी की तस्वीर:हर घर पहुंचा नल से पानी, शुद्ध पेयजल से जलजनित रोगों में कमी होगी