![]()
हमीरपुर जनपद के राठ क्षेत्र में जमीन के विवाद में पैरवी करने वाले 65 वर्षीय एक वृद्ध की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। यह घटना बुधवार शाम को जरिया थाना क्षेत्र के गोहांड-बागीपुरा के बीच हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान गोहांड कस्बा निवासी देशराज (65) पुत्र परमलाल के रूप में हुई है। बुधवार शाम को देशराज अपने पड़ोसी नरेंद्र पुत्र प्रकाश के साथ राठ तहसील से काम निपटाकर बागीपुरा होते हुए गोहांड लौट रहे थे। रास्ते में दबंगों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में देशराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नरेंद्र किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहा। आरोप है कि विपक्षी दोनों भाइयों ने कुल्हाड़ी से वार कर देशराज की हत्या की है। मृतक देशराज खेती-किसानी के साथ-साथ सिंचाई विभाग में ठेकेदारी का भी काम करते थे। देशराज के बेटे कमलेश ने बताया कि नरेंद्र और उसके भाइयों का आरोपी पक्ष से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उनके पिता कई बार नरेंद्र के साथ तहसील और अन्य जगहों पर जाकर मामले में सहयोग करते थे, जिससे आरोपी पक्ष उनसे नाराज था। कमलेश ने यह भी बताया कि उनके परिवार के पास बागीपुरा मौजा में करीब चार बीघा जमीन है। सीओ सरीला शाहरुख खान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में भूमि विवाद की बात सामने आई है। मृतक देशराज स्वयं इस विवाद के पक्षकार नहीं थे, बल्कि वे दूसरे पक्ष की पैरवी कर रहे थे। इसी बात से आरोपी नाराज थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Source link
जमीन विवाद में पैरवी करने पर ठेकेदार की हत्या:हमीरपुर में रास्ते में घेरकर कुल्हाड़ी से हमला किया, पड़ोसी ने भागकर जान बचाई