चौफटका फुट ओवरब्रिज को स्लोपदार बनाने की मांग:प्रयागराज में सांसद ने रेलवे जीएम को लिखा पत्र, साइकिल और ठेले वालों को होगी सुविधा


प्रयागराज के व्यस्त चौफटका रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे फुट ओवरब्रिज को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों ने नई मांग उठाई। क्षेत्रवासियों ने पुल को सीढ़ीदार बनाने के बजाय प्रयागराज जंक्शन की तर्ज पर स्लोपदार (रैंपयुक्त) बनाने की मांग की है। इस संबंध में इलाहाबाद के सांसद उज्जवल रमण सिंह ने उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) को पत्र लिखकर डिजाइन पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रैंप वाला पुल बनने से स्कूली बच्चों, साइकिल सवारों, ठेला चालकों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को बड़ी राहत मिलेगी। अब क्षेत्रवासियों को रेलवे प्रशासन के फैसले का इंतजार है। पहले भी उठ चुकी है रैंप की मांग
इस मुद्दे को लेकर स्थानीय नागरिक पहले भी सक्रिय रहे हैं। चकनिरातुल मोहल्ले के मन्नू शर्मा, पूर्व सैनिक श्यामसुंदर पटेल और सुरेंद्र भारतीय समेत कई लोगों ने डीआरएम को ज्ञापन देकर स्लोपदार पुल बनाने की मांग की थी। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि फुट ओवरब्रिज केवल सीढ़ियों वाला बना तो इसका उपयोग मुख्य रूप से पैदल यात्री ही कर सकेंगे। इससे साइकिल सवारों, ठेला चालकों और अन्य लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। बुजुर्ग और दिव्यांगों को मिलेगी राहत
स्थानीय लोगों का कहना है कि रैंप बनने से बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए रेलवे क्रॉसिंग पार करना काफी आसान हो जाएगा। इससे सभी वर्गों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन मिलेगा। चौफटका रेलवे क्रॉसिंग शहर का प्रमुख यातायात केंद्र है। यह जीटी रोड के दो हिस्सों को जोड़ता है। एक ओर पुराना जीटी रोड है, जबकि दूसरी ओर हाईकोर्ट और सिविल लाइंस जाने का मार्ग निकलता है। क्रॉसिंग के पास घनी आबादी और दूध मंडी होने से यहां पूरे दिन लोगों की आवाजाही बनी रहती है। स्कूली बच्चों और कामगारों को होगा फायदा
स्थानीय लोगों ने बताया कि रोज बड़ी संख्या में बच्चे साइकिल से स्कूल जाते हैं। रैंप बनने पर वे आसानी से पुल पार कर सकेंगे। इसके अलावा दूध मंडी आने वाले व्यापारियों और रोजमर्रा के कामगारों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। सांसद ने रेलवे जीएम को लिखा पत्र
सांसद उज्जवल रमण सिंह ने उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर कहा है कि चौफटका की भौगोलिक स्थिति और यहां के भारी आवागमन को देखते हुए पुल में रैंप बनाया जाना जनहित में होगा। उन्होंने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डिजाइन में आवश्यक संशोधन करने का अनुरोध किया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *