चित्रकूट में तेंदूपत्ता तोड़ रही महिलाओं पर भालू का हमला:एक महिला गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल रेफर; वन विभाग ने दी चेतावनी


चित्रकूट के रानीपुर टाइगर रिजर्व में तेंदूपत्ता तोड़ने गई महिलाओं पर जंगली भालू ने हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना मारकुंडी द्वितीय रेंज के मिरगादोन जंगल में सुबह करीब 9 बजे हुई। महिलाओं का एक समूह तेंदूपत्ता तोड़ने गया था, तभी एक भालू ने अपने शावकों के साथ उन पर हमला कर दिया। हमले में बंधा भीतर मारकुंडी निवासी लीला रावत पत्नी दादू रावत गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके साथ मौजूद अन्य महिलाएं गुड्डी, कुंता, शोभा, गीता और वेदवती ने डंडों व पत्थरों की मदद से भालू को भगाकर लीला को बचाया। ग्रामीणों के अनुसार, मदद लेने के दौरान भालू ने दोबारा हमला किया, लेकिन महिलाओं ने साहस दिखाते हुए उसे फिर खदेड़ दिया। सूचना मिलने पर घायल लीला रावत को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानिकपुर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस मामले में वनाधिकारी मोहम्मद नदीम ने बताया कि जंगल में भालुओं, तेंदुओं और अन्य हिंसक जानवरों की संख्या में वृद्धि हुई है। उन्होंने ग्रामीणों को जंगल में सावधानी से जाने या न जाने की हिदायत दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *