गाजियाबाद गंगनहर में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला:पुलिस शिनाख्त में जुटी, 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखा गया


गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में गंगनहर से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कार्यवाहक एसीपी मसूरी भास्कर वर्मा ने बताया कि मंगलवार को चितौड़ा पुल से नाहल झाल की ओर गंगनहर में एक शव बहता हुआ दिखाई देने की सूचना मिली थी। मसूरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की सहायता से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के पास स्थित नीले पुल के नजदीक से शव को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर केवल हल्के गुलाबी रंग की शर्ट थी। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव फूल चुका था, जिससे यह कई दिन पुराना होने का अनुमान है। फिलहाल मृतक की उम्र और पहचान की पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के जिलों और थानों से संपर्क कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। पहचान होने तक शव को 72 घंटे के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। एसीपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही व्यक्ति की मौत की परिस्थितियों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *