![]()
रामपुर में गणपति सेवा समिति एवं बाल गणेश भक्त मंडल के तत्वावधान में सोमवार को सराय गेट स्थित श्री संतोषी माता मंदिर में श्री गणेश महोत्सव का शुभारंभ विधि-विधान से किया गया। महोत्सव के पहले दिन पंडित अंकुर शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश की प्रतिमा की स्थापना कराई। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। मूर्ति स्थापना के बाद रात 8 बजे से भजन संध्या का आयोजन किया गया। दिल्ली से पहुंचे भजन गायक मास्टर बॉबी ने गणेश वंदना के साथ भजन संध्या की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने मां शेरावाली, श्याम बाबा और हनुमान जी के भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। भजनों के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। भजन संध्या रात करीब 11 बजे तक जारी रही। कार्यक्रम के समापन पर भगवान गणेश की आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद भंडारे का आयोजन हुआ। आयोजकों के अनुसार महोत्सव के दौरान भंडारा प्रतिदिन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में अंकित कुमार, अमित यादव, दीपक, अमित, शोभित, कमल तुरैहा, दिनेश कुमार, अमन कुमार, ओम, कार्तिक, विभोर भटनागर समेत समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Source link
रामपुर में शुरू हुआ गणेश महोत्सव:वैदिक मंत्रोच्चार संग हुई प्रतिमा स्थापना, देर रात तक गूंजे भक्तिमय भजन