![]()
चंदौली जिले में पुलिस और स्वाट टीम ने 25 हजार के इनामी तस्कर रामबाबू यादव उर्फ आनंद यादव को गिरफ्तार किया है। उसे मालदह पुलिया के पास से दबोचा गया। पुलिस ने उसके पास से 110 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ गौवध तस्करी सहित विभिन्न जनपदों में आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। रामबाबू यादव उर्फ आनंद यादव वाराणसी जनपद के लंका थानाक्षेत्र के नैपुरा कला गांव का निवासी है। उसके खिलाफ पिछले साल सितंबर माह में इलिया थाने में गौवध तस्करी का मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में फरार होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पिछले साल 26 सितंबर को इलिया पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया था। वाहन सवार अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल होकर पकड़ा गया था, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। फरार हुए साथी की पहचान रामबाबू यादव उर्फ आनंद यादव के रूप में हुई थी। गुरुवार शाम को पुलिस ने आरोपी को मालदह पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान रामबाबू यादव ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ गोवंशों को खरीदकर और इकट्ठा कर पिकअप में लादता था। फिर उन्हें बिहार होते हुए पश्चिम बंगाल ले जाकर अधिक लाभ कमाने के उद्देश्य से वध के लिए बेचता था। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में इलिया थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय, स्वाट टीम प्रभारी रामजनम यादव और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
Source link
चंदौली में 25 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार:पुलिस ने इनामी अपराधी के पास से 110 रुपये किए बरामद