![]()
चंदौली जिला मुख्यालय स्थित अभिषेक हॉस्पिटल के सभागार में गुरुवार को नशा उन्मूलन में युवाओं की भूमिका पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सदस्य सुमित अंकुर सिंह ने नर्सिंग के छात्रों से संवाद किया। सुमित अंकुर सिंह ने युवाओं से अपील की कि भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए नशे से दूर रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमें नशा करने वाले लोगों को भी जागरूक करने का प्रयास करना होगा। सिंह ने जोर देकर कहा कि सरकार के प्रयासों के साथ-साथ हम सभी को भी इस दिशा में पहल करने की जरूरत है, ताकि भारत एक बार फिर ‘सोने की चिड़िया’ बन सके। यह संगोष्ठी 26 जून को मनाए जाने वाले नशा उन्मूलन दिवस से एक दिन पहले आयोजित की गई थी। इसमें पैरामेडिकल के 250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। अभिषेक हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. संजय यादव ने कहा कि विकसित भारत की नींव रखने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। यदि युवा नशे से दूर रहेंगे, तो भारत निश्चित रूप से एक विकसित राष्ट्र बनेगा। राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित दिव्यांग राकेश रौशन ने अपने संबोधन में कहा कि नशा समाज और परिवार के रिश्तों को खत्म कर देता है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में उपस्थित पैरामेडिकल छात्रों ने सामूहिक रूप से इस समस्या का समाधान करने की शपथ ली।
Source link
चंदौली में नशा उन्मूलन पर गोष्ठी:युवाओं की भूमिका पर सुमित अंकुर सिंह ने किया संवाद