![]()
चंदौली के पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने गुरुवार देर रात पुलिस लाइन सभागार में पीडीडीयू नगर सर्किल के सभी थाना प्रभारियों के साथ अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने माफियाओं, भू-माफियाओं और शातिर अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश देते हुए फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और प्रभावी अभियोजन पर जोर दिया। एसपी आकाश पटेल ने गैंगस्टर एक्ट के तहत चिन्हित अपराधियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुंडा अधिनियम और गैंगस्टर अधिनियम के तहत अधिक से अधिक गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही भू-माफियाओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में एसपी ने हत्या, लूट, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और महिला संबंधी गंभीर मामलों में फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उन्होंने न्यायालयों में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को सजा दिलाने पर भी विशेष जोर दिया। वर्ष 2017 के बाद सरकारी भूमि से हटाए गए अतिक्रमण की समीक्षा कर दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साइबर अपराध और अवैध कारोबार पर सख्ती एसपी ने साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए 1930 साइबर हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और एनसीआरपी पोर्टल पर फ्रीज हुई धनराशि को पीड़ितों को जल्द वापस दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही जुआ, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब और गो-तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करने को कहा। गो-तस्करी में शामिल अपराधियों के नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर एसपी ने आईजीआरएस पोर्टल और जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चौकी स्तर पर नियमित सुनवाई कर शिकायतों का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो सके।
Source link
चंदौली एसपी आकाश पटेल का अपराधियों पर सख्त संदेश:माफियाओं की संपत्ति जब्त करें, फरार आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करें