![]()
सीतापुर के थानगांव थाना क्षेत्र के थौरा ग्राम स्थित थानगांव-राजपुर रोड पर सोमवार सुबह एक निर्माणाधीन पुलिया में युवक का शव बाइक समेत मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय सरवन बाजपेई पुत्र रामसेवक बाजपेई निवासी ग्राम कटोलिया मजरा नसीरपुर देवरिया के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों के अनुसार सरवन बाजपेई रविवार शाम करीब 5 बजे किसी काम से घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिवार के लोगों ने जब उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो उनका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ मिला। पूरी रात तलाश के बाद सोमवार सुबह राहगीरों ने निर्माणाधीन पुलिया में एक क्षतिग्रस्त बाइक और खून से लथपथ शव पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। परिजनों का आरोप है कि सरवन गल्ला मंडी से रुपये लेकर लौट रहे थे, लेकिन मौके से उनका मोबाइल और पैसे गायब मिले हैं। ऐसे में परिवार और ग्रामीणों ने हत्या कर शव को पुलिया में फेंकने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि घटना को सड़क हादसे का रूप देकर अपराध छिपाने का प्रयास किया गया है। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष विमल गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। थानाध्यक्ष विमल गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना जैसा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
Source link
घर से निकले युवक का शव निर्माणाधीन पुलिया में मिला:सीतापुर में मोबाइल-नगदी गायब, परिजन जता रहे हत्या की आशंका